- संवाददाता
बीएसपी प्रत्याशी पर बोले वरुण गांधी- संजय गांधी का लड़का हूं, किसी टोनू-मोनू से डरने की जरूरत नहीं ह

सुलतानपुर उत्तर प्रदेश की सुलतानपुर लोकसभा सीट से सांसद वरुण गांधी गुरुवार को अपनी मां मेनका गांधी के लिए सुलतानपुर में प्रचार करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गठबंधन प्रत्याशी चंद्र भद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह के बारे में एक बयान दिया, जोकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वरुण गांधी ने कहा कि मैं संजय गांधी का लड़का हूं, इन लोगों से जूते खुलवाता हूं। आप लोग चिंता मत करिए। दरअसल, सोनू सिंह और उनके भाई मोनू सिंह की इलाके में दबंग छवि है। सोनू सिंह पहले विधायक भी रह चुके हैं और बीएसपी ने उन्हें लोकसभा का टिकट दिया है। वायरल हुए विडियो में वरुण गांधी कह रहे हैं, 'आपको किसी से डरने की जरूरत नहीं है, केवल भगवान से डरिए। उसके अलावा कोई आपका कुछ नहीं बिगाड़ सकता है।' बिना नाम लिए गठबंधन प्रत्याशी सोनू सिंह और उनके भाई मोनू सिंह पर तंज कसते हुए वरुण गांधी ने कहा, 'आपको किसी मोनू-टोनू से डरने की जरूरत नहीं है। मैं संजय गांधी का लड़का हूं और इन लोगों से अपने जूते खुलवाता हूं।' बता दें कि 2014 में वरुण गांधी सुलतानपुर से जीतकर सांसद बने थे लेकिन इस बार इस सीट से उनकी मां मेनका गांधी को टिकट मिला है। उन्होंने इसौली विधानसभा क्षेत्र में ताबड़तोड़ दर्जन भर जनसभाएं कीं। वरुण ने कहा, 'केवल भगवान से डरा जाता है फिर इस धरती पर कोई मां का लाल आपका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। अपने पाप से और अपने गुनाहों से आदमी को डरना चाहिए। किसी मोनू और टोनू से डरने की कोई जरूरत नही है। मैं खड़ा हूं, यहां पर, आपके बीच खड़ा हूं। किसी माई के लाल में हिम्मत नहीं है कि आवाज उठाकर आपसे बात करे।'