- Umesh Singh,Delhi
डेटा लीक: CBI ने बढ़ाया जांच का दायरा, फेसबुक, CA और ग्लोबल साइंस रिसर्च को लिखा पत्र

नई दिल्ली सीबीआई ने कथित डेटा चोरी मामले में फेसबुक, कैम्ब्रिज एनालिटिका और ग्लोबल साइंस रिसर्च को पत्र लिखा है। आपको बता दें कि केंद्रीय एजेंसी फेसबुक से गैरकानूनी तरीके से भारतीयों के निजी डेटा हासिल करने के मामले की जांच कर रही है। आरोप लगाए गए हैं कि कैंम्ब्रिज एनालिटिका (CA) ने ग्लोबल साइंस रिसर्च से डेटा हासिल किए थे। बताया जा रहा है कि एजेंसी ने दो महीने पहले प्रारंभिक जांच शुरू की थी और अब यह खत उसके जांच की आगे की कड़ी है। मार्च 2018 में भारत में फेसबुक के 25 करोड़ से ज्यादा ऐक्टिव यूजर्स थे। डेटा माइनिंग और विश्लेषण करने वाली कंपनी CA पर आरोप लगाए गए हैं कि 2016 के अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में उसने करोड़ों फेसबुक यूजर्स की निजी सूचना जुटाकर डॉनल्ड ट्रंप को जीतने में मदद की थी। फेसबुक डेटा लीक के मामले में सबसे पहले मार्च 2017 में न्यूयॉर्क टाइम्स और लंदन के ऑब्जर्वर ने एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी। रिपोर्टों में दावा किया गया था कि राजनीतिक कंसल्टिंग कंपनी कैम्ब्रिज एनालिटिका से संबंधित एक रिसर्चर ने 5 करोड़ फेसबुक यूजर्स की जानकारी में सेंध लगाई है। आरोप है कि इस डेटा के जरिए वोटर्स तक पहुंचने के लिए उन्हें सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत मैसेज भेजे गए। इस डेटा का इस्तेमाल अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के अलावा ब्रेग्जिट चुनाव में भी किया गया है। फेसबुक डेटा लीक का खुलासा विसलब्लोअर क्रिस्टोफर विली ने किया था, जो पहले CA में काम करते थे।